निर्दोष कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रिहाई को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन,कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

विरोध प्रदर्शन करना विपक्ष का संवैधानिक दायित्व-अजय अवस्थी



Junaid khan - शहडोल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के बुढ़ार आगमन के दौरान जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर उन्हें गिरफ्तार किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसके उपरांत गिरफ्तार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अविलंब रिहाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था, आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा गौ-तस्करी जैसे गंभीर विषयों के विरोध में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे थे। इसके बावजूद सत्ताधारी सरकार के दबाव में निर्दोष कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया, जो निंदनीय, अन्यायपूर्ण और लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। अजय अवस्थी ने कहा कि विरोध दर्ज कराना विपक्ष का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे कांग्रेस पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ निभा रही थी। लेकिन सरकार द्वारा दमनात्मक कार्रवाई कर लोकतांत्रिक आवाज़ को कुचलने का प्रयास किया गया है। यह घटना लोकतंत्र की हत्या का प्रतीक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज गिरफ्तार किए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी कल से आमरण अनशन सहित उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जवाबदेही शासन एवं प्रशासन की होगी। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला द्वारा दी गई। धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष आज़ाद बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीनिवास शर्मा, जिला मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष प्रभात पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष प्रीतेश द्विवेदी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, पूर्व पार्षद सुफियान खान, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष सिराज खान, सोहागपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतमदास सोनी सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post