कर्ज के बोझ तले दबे युवक ने जंगल में लगाई फांसी

चार दिन बाद चूड़ी नदी किनारे पेड़ से लटका मिला शव,क्षेत्र में शोक की लहर 


Junaid khan - शहडोल। जिले के गोहपार थाना क्षेत्र अंतर्गत चूड़ी नदी के पास जंगल में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक बीते चार दिनों से लापता था। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने हाईवे से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दिनेश प्रताप सिंह गोंड (25 वर्ष), निवासी थाना क्षेत्र गोहपार के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक ने कुछ समय पूर्व वाहन लोन लिया था। कर्ज का बोझ और आर्थिक तंगी के कारण वह कई महीनों से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि 18 फरवरी को वह पैसों की व्यवस्था करने की बात कहकर घर से निकला था। 19 फरवरी को उसने अंतिम बार फोन पर परिजनों से बातचीत की, जिसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया और वह घर नहीं लौटा।

परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन सोमवार को चूड़ी नदी किनारे जंगल में उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल प्राथमिक दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव से जूझ रहे युवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और समाज दोनों के लिए यह चिंतन का विषय है कि समय रहते ऐसे मामलों में सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाए।

Previous Post Next Post