कमिश्नर कार्यालय में आयोजित हुई जनसुनवाई-समस्याओं के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

कमिश्नर कार्यालय में आयोजित हुई जनसुनवाई-समस्याओं के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश


Junaid khan - शहडोल। 24 फरवरी 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में कमिश्नर कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में शहडोल संभाग के दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें कमिश्नर के समक्ष रखीं। कमिश्नर ने सभी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में उमरिया जिले के ग्राम कछौहा निवासी रामभजन पटेल ने शासकीय भूमि में निर्मित तालाब से अतिक्रमण हटाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम बिरसिंहपुर निवासी शिवदास मेहरा ने भूमि पर कब्जा दिलाने, शहडोल जिले के ग्राम बिरौड़ी निवासी रामसुंदर चर्मकार ने संबल योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन दिया। इसी प्रकार ग्राम देवदहा निवासी शेषराम ने ग्राम देवदहा में बैगा बहुल क्षेत्र होने के कारण आंगनवाड़ी भवन निर्माण कराए जाने, ग्राम झिरिया निवासी गायत्री बैगा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद हेतु नियुक्ति पत्र दिलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्देश दिए कि प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। जनसुनवाई में अन्य आवेदकों द्वारा भी विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें रखी गईं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post