मुड़ना नाला में बोरे में बंधी युवती की लाश मिलने से सनसनी तीन से चार दिन पुराना शव

हत्या कर ठिकाने लगाने की आशंका; पहचान के लिए पुलिस ने तेज की जांच 


Junaid khan - शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधी गांव के मुड़ना नाला में रविवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बोरे में बंद हालत में नाले के बीच पड़े शव से तेज दुर्गंध आने पर मामला उजागर हुआ। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रतीत हो रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर एक किसान खेत में सिंचाई के लिए पंप लगाने गया था। इसी दौरान उसकी नजर नाले में पानी के बीच पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। बोरे से बदबू आने पर किसान को अनहोनी की आशंका हुई और उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में बोरा खुलवाया गया। बोरे के अंदर करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस के मुताबिक शव लगभग तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को मजबूती से बांधा गया था तथा बोरे में पत्थर भी रखे गए थे, जिससे स्पष्ट है कि किसी ने योजनाबद्ध तरीके से शव को पानी में डुबोकर छिपाने का प्रयास किया है। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर साक्ष्य सुरक्षित किए। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्रित किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। सिंहपुर थाना प्रभारी एम.एल. रहगडाले ने बताया कि मृतका के दाहिने हाथ पर “D.R.” गुदा हुआ है, जबकि हथेली के समीप ‘ॐ’ का चिन्ह बना हुआ है। इन पहचान चिह्नों के आधार पर युवती की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल सिंहपुर थाना क्षेत्र में इस उम्र की किसी युवती की गुमशुदगी दर्ज नहीं है, हालांकि कोतवाली थाना में दर्ज एक गुमशुदा महिला की उम्र इस शव से मेल खाती बताई जा रही है। संबंधित थाना को सूचना देकर समन्वय स्थापित किया गया है।

पुलिस आसपास के थानों से भी गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है तथा संभावित संदिग्धों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका प्रबल मानी जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद दूधी गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने शीघ्र खुलासे की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Previous Post Next Post