ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया में शनिवार रात हुआ हादसा, चालक ट्रक छोड़कर फरार
Junaid khan - शहडोल। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक शिक्षक अजय सिंह (52 वर्ष) निवासी रामनगर, ब्यौहारी विकासखंड के एक माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ थे। शनिवार को स्कूल से अवकाश के बाद वे निजी कार्य से ग्राम कोठिया गए थे। रात करीब 8 बजे वे मानपुर रोड पर सड़क पार कर रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक एमपी 95 बी 4911 ने उन्हें कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जिससे टक्कर लगते ही शिक्षक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश में था, लेकिन करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश की जा रही है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। शिक्षक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं शिक्षा जगत में भी गहरा दुख व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में लापरवाही से वाहन चलाने का अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
