05 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, गोहपारू पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Junaid khan - शहडोल। गोहपारू पुलिस ने पांच वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 से मामला न्यायालय में विचाराधीन था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार दिनांक 02 मार्च 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी,शहडोल के प्रकरण क्रमांक आरसीटी 1549/2021 एवं अपराध क्रमांक 464/2021 के तहत धारा 379, 414 भादवि तथा 3/118, 5/180 मोटर व्हीकल एक्ट के मामले में आरोपी बब्बू मौर्य पिता श्री लाले मौर्य (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम लोदी, थाना गोहपारू, जिला शहडोल को गिरफ्तार किया गया। बताया गया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व से प्रकरण दर्ज था और न्यायालय से स्थायी वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। गोहपारू पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
