सोहागपुर ईदगाह में 08 मार्च को होगा सार्वजनिक इफ्तार-ए-आम, रोजेदारों से शामिल होने की अपील
Junaid Khan - शहडोल। रमजान के मुबारक महीने में हर साल की तरह इस वर्ष भी सोहागपुर में सार्वजनिक इफ्तार-ए-आम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 08 मार्च 2026, रविवार को शाम 06 बजे पाली रोड स्थित ईदगाह मैदान, सोहागपुर में आयोजित होगा। आयोजन नौजवान कमेटी सोहागपुर की ओर से किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए युवा समाजसेवी सुफियान खान ने बताया कि अल्लाह के फज़ल से हर वर्ष की तरह इस बार भी रोजेदारों के लिए सामूहिक इफ्तार का आयोजन रखा गया है। उन्होंने सभी रोजेदारों, शहरवासियों और आसपास के लोगों से इस इफ्तार-ए-आम में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से सोहागपुर में इस तरह का सार्वजनिक इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया जाता रहा है। रमजान के इस पवित्र महीने में इफ्तार से पहले देश में अमन, शांति और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ भी की जाती है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में रोजेदार और आमजन शामिल होकर सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश देते हैं। सुफियान खान ने यह भी बताया कि आयोजन समिति की ओर से महिलाओं के लिए भी अलग से इफ्तार की व्यवस्था की गई है, ताकि वे भी आराम से कार्यक्रम में शामिल होकर इफ्तार कर सकें। आयोजकों ने सभी रोजेदारों से अपील की है कि वे अपने साथियों के साथ कार्यक्रम में पधारकर इस नेक पहल का हिस्सा बनें और रमजान के इस पवित्र महीने में मुल्क की सलामती, अमन और भाईचारे के लिए दुआ करें।
