आंगनवाड़ी केंद्र अब सुबह 09 बजे से खुलेंगे

शीतकालीन समय समाप्त,01 मार्च से पूर्व निर्धारित समय लागू


Junaid khan - शहडोल। 01 मार्च 2026 जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में पुनः बदलाव किया गया है। शीतऋतु की समाप्ति के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी केंद्रों को पूर्व निर्धारित समयानुसार संचालित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अखिलेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए पूर्व में आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन समय सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक निर्धारित किया गया था, ताकि छोटे बच्चों को ठंड के प्रभाव से बचाया जा सके। अब मौसम में सुधार और शीतलहर की स्थिति समाप्त होने के बाद 01 मार्च 2026 से जिले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्र पुनः सुबह 09 बजे से दोपहर 04 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। विभाग द्वारा सभी परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित करें तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाली सेवाएं नियमित रूप से प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को पूरक पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण सहयोग एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। समय में किए गए इस परिवर्तन से अभिभावकों एवं बच्चों को सुविधा मिलेगी और शैक्षणिक गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित हो सकेंगी। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित समय पर आंगनवाड़ी केंद्र भेजें, ताकि उन्हें शासकीय योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

Previous Post Next Post