वार्ड पार्षद 19 के प्रयास से घरौला में 07 लाख लीटर क्षमता की पानी टंकी का निर्माण शुरू
Junaid Khan - शहडोल। शहर के वार्ड क्रमांक 19 घरौला मोहल्ला में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पार्षद सिल्लू रजक के विशेष प्रयासों से यहां 7 लाख लीटर क्षमता की विशाल पानी टंकी का निर्माण कार्य विधिवत पूजा अर्चना के साथ प्रारंभ करा दिया गया। बताया गया है कि घरौला मोहल्ला सहित आसपास के कई वार्डों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिसके कारण स्थानीय लोगों को दूर-दूर से पीने का पानी लाना पड़ता था। क्षेत्रवासियों की इस समस्या को देखते हुए पार्षद सिल्लू रजक ने लगातार प्रशासन के सामने मांग उठाई और प्रयास किए, जिसके बाद नगर में बनने वाली नई पांच पानी टंकियों में से सबसे बड़ी 7 लाख लीटर क्षमता की पानी टंकी घरौला मोहल्ला वार्ड नंबर 19 में स्वीकृत की गई। जिसमे पांच टंकियां के साथ शहर में जो भी पाइपलाइन अधूरी है उनका पूरा किया जाएगा जिसमें लगभग 80 से 90 मीटर तक पाईप बिछना हैं। पानी टंकी निर्माण कार्य की शुरुआत घरौलानाथ हनुमान जी की पूजा अर्चना के साथ की गई। इस अवसर पर पार्षद सिल्लू रजक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को शुरू कराया गया है। टंकी के निर्माण के बाद घरौला मोहल्ला सहित आसपास के कई वार्डों में रहने वाले लोगों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल के लिए पार्षद सिल्लू रजक का आभार व्यक्त किया और कहा कि पानी टंकी बनने से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा। लोगों को अब दूर-दूर से पानी लाने की परेशानी से राहत मिलेगी और पूरे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी। नगरवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह विकास कार्य होते रहे तो शहर के कई पुराने मुद्दों का समाधान जल्द संभव हो सकेगा। वहीं प्रशासन से भी उम्मीद जताई जा रही है कि पानी टंकी का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर क्षेत्र को जल्द से जल्द इसका लाभ दिया जाएगा।एगा।
