हिंदू नववर्ष व चैत्र नवरात्र पर भव्य आयोजन की तैयारी, 19 मार्च को निकलेगी विशाल रैली

वैश्य महासम्मेलन शहडोल इकाई की बैठक में बनी कार्यक्रमों की रूपरेखा, मंदिरों में पूजा-अर्चना व भजन-कीर्तन का होगा आयोजन


Junaid Khan - शहडोल। वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश की जिला शहडोल इकाई की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री पदम खेमका, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महिला इकाई सत्यभामा गुप्ता, प्रभारी विजय ताम्रकार, जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास गुप्ता, तहसील सोहागपुर युवा अध्यक्ष पीयूष कुमार सोनी, संभाग शहडोल महिला इकाई प्रभारी शशि गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पूर्व संभाग प्रभारी जवाहरलाल सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेपी गुप्ता, सोहागपुर महिला इकाई अध्यक्ष अंजना गुप्ता, रिक्कू सोनी, अतुल कुमार गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 मार्च को शाम 5 बजे श्री गणेश मंदिर (बुढ़ार चौक) से एक विशाल रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री दुर्गा मंदिर पहुंचेगी। यहां सामूहिक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। रैली कार्यक्रम का प्रभारी योगेश कुमार गुप्ता एवं अतुल कुमार गुप्ता को नियुक्त किया गया है। इनके साथ शहडोल संभाग युवा इकाई प्रभारी विपिन गुप्ता तथा संभाग युवा इकाई अध्यक्ष गौरव गुप्ता सहयोग करेंगे। वहीं श्री दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन की व्यवस्था का दायित्व सत्यभामा गुप्ता और शशि गुप्ता को सौंपा गया है। रैली में उपयोग होने वाले झंडे-बैनर और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी को दी गई है। बैठक में यह भी तय किया गया कि पूरे कार्यक्रम का संचालन पदम खेमका द्वारा किया जाएगा। वैश्य महासम्मेलन शहडोल इकाई ने शहर के सभी समाजजनों, मातृशक्तियों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर हिंदू नववर्ष और नवरात्र उत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाएं।

Previous Post Next Post