रामाबाई क्रिश्चियन अस्पताल की जमीन विवाद पर उपमुख्यमंत्री सख्त,निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रामाबाई क्रिश्चियन अस्पताल की जमीन को लेकर चल रहे विवादों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कर जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। बैठक के दौरान रामाबाई क्रिश्चियन अस्पताल की जमीन पर दावों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मामले की पूरी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात न बरता जाए और सभी दस्तावेजों तथा तथ्यों के आधार पर सही स्थिति स्पष्ट की जाए। समीक्षा बैठक में ईएलसी छिंदवाड़ा से आए अशोक चौकसे से भी उपमुख्यमंत्री ने विस्तार से जानकारी ली। अशोक चौकसे ने बैठक के दौरान अस्पताल की जमीन से जुड़े दस्तावेज, दावे और वर्तमान स्थिति के बारे में अपनी बात रखी। दस्तावेजों के साथ शनिवार को श्री चौकसे कलेक्टर शहडोल और पुलिस अधीक्षक शहडोल के सामने उपस्तिथ होंगे। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मामले की पूरी जांच पारदर्शिता के साथ की जाए और जो भी वास्तविक तथ्य सामने आए, उसके आधार पर उचित कार्रवाई करते हुए विवाद का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गलत दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन को निर्देश देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि सभी पक्षों को सुनकर, उपलब्ध रिकॉर्ड और राजस्व दस्तावेजों की जांच कर जल्द ही इस विवाद का निष्पक्ष निराकरण किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उपमुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

