ड्यूटी पर दामाद,मंदिर में सास लुटी,कंकाली मंदिर की सुरक्षा पर उठे सवाल

ड्यूटी पर दामाद,मंदिर में सास लुटी,कंकाली मंदिर की सुरक्षा पर उठे सवाल


Junaid Khan - शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र के कंकाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान दर्शन करने पहुंची एक महिला के गले से सोने की चैन चोरी हो गई। खास बात यह रही कि महिला का दामाद जिले के दूसरे थाने में ड्यूटी पर तैनात होकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा था, जबकि उसी दौरान उसकी सास चोरी की शिकार हो गई। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के अनुसार पुलिस लाइन निवासी अनीता कोल (48), पति अशोक कोल, पुलिस क्वार्टर एफ-22 में रहती हैं। वह कंकाली मंदिर में देवी दर्शन के लिए पहुंची थीं और महिलाओं की लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से करीब एक तोले वजनी सोने की चेन पार कर दी। घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ थी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था। पीड़िता, सोहागपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शैलेंद्र कोल की सास बताई जा रही हैं। घटना के समय प्रधान आरक्षक अपने थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर थे।घटना के बाद महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को ही उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

Previous Post Next Post