आंगनबाड़ी केंद्र के पास फल-फूल रहा नशे का अवैध कारोबार, रहवासियों में दहशत

सोखी मोहल्ला में दिन-रात मंडराते नशेड़ी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल; कार्रवाई की मांग तेज


Junaid Khan - शहडोल। शहर के सिंहपुर रोड स्थित सोखी मोहल्ला इन दिनों नशे के अवैध कारोबार का केंद्र बनता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 21/28 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास खुलेआम नशे का धंधा चलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि इलाके में दिन हो या रात, नशाखोरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है और आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है।

रहवासियों के अनुसार, शाम ढलते ही यहां संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है और देर रात तक युवकों के समूह इधर-उधर घूमते नजर आते हैं। कई बार नशे में धुत लोगों की हरकतों से आसपास रहने वाले परिवारों को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि नशा करने वाले और नशे का अवैध व्यापार करने वाले लोग बेखौफ होकर इस इलाके को अपना अड्डा बना चुके हैं।

बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर संकट 

सबसे चिंता की बात यह बताई जा रही है कि यह पूरा घटनाक्रम आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास हो रहा है। यहां प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं आते-जाते हैं। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि अब बच्चों को आंगनबाड़ी तक लाना और घर ले जाना भी असुरक्षित महसूस होने लगा है। कई बार नशे में धुत लोगों की अशोभनीय हरकतों के कारण महिलाएं खुद को असहज महसूस करती हैं।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई 

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस मामले को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और पुलिस को शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि सोखी मोहल्ला और आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आंगनबाड़ी जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास नशे का कारोबार चलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को चाहिए कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस अवैध गतिविधि पर तत्काल अंकुश लगाए,ताकि क्षेत्र में फिर से सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बहाल हो।

Previous Post Next Post