तीन दिवसीय रोटरी राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ आज

उप मुख्यमंत्री करेंगे शिविर का शुभारंभ, कलेक्टर ने स्वास्थ्य शिविर की तैयारियां का लिया जायजा


Junaid Khan - शहडोल। रोटरी क्लब शहडोल, मण्डला मैकल एवं जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन तथा स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में शासकीय आईटीआई परिसर में आयोजित तीन दिवसीय आयोजित विशाल रोटरी राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का 13 मार्च शुक्रवार से शुभारंभ हो रहा है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मध्यान्ह 2 बजे राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे। शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक दिन पहले गुरुवार को कलेक्टर डॉ. केदार सिंह तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। शिविर में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का कहा। ग्रीष्मऋतु को दृष्टिगत रखते हुए शीतल पेयजल एवं छायादार बैठक व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में दवाईयां उपलब्ध रखे जाने एवं मरीजो को शिविर स्थल में उपचार एवं चिकित्सकों को द्वारा परामर्श दिए जाने संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। गौरतलब है कि आईटीआई के विशाल भवन में सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं बना ली गई हैं। चिकित्सा उपकरणों, ब्लड की उपलब्धता, सोनोग्राफी आदि की मशीनरी लग चुकी हैं। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान सभी का जायजा लेते हुए वाहन पार्किंग, ठहरने की व्यवस्था जैसे अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओ पर जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। 

मौके पर मौजूद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने अवगत कराया कि 13, 14 एवं 15 मार्च को प्रात: 9 बजे से शाम 6 बजे तक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में सुपर स्पेशियलिटी विभागों के विशेषज्ञों द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा एवं परामर्श दिया जाएगा। जिसमें कैंसर रोग, रीढ़ रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, छाती एवं श्वास, शिशु रोग, किडनी, घुटनों, मूत्र, चर्म, कटे फटे होंठ, नाक कान, गला आदि शामिल है। साथ ही डिजीटल एक्स-रे, सोनोग्राफी ईको, ईसीजी कैंसर की जांच, आंख की जांच, डायबिटीज की जांच फेफड़ों की कार्यक्षमता की परीक्षण की जांच नि:शुल्क की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत श्रीवास्तव, रोटरी क्लब शहडोल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक राजेश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अजय विजरा, विजय दुबे, प्रकाश गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव के अलावा विनोद प्रधान, रवि शंकर पाठक, अमित गुप्ता बंटी, अमित गुप्ता, बलराम गुप्ता, सत्येंद्र सोनी, संजय तिवारी व सुरेश चौधरी मंडला, डॉ. आदित्य द्विवेदी, अजय मौर्य, अजय कोतवार, डॉ. निकिता सोनी, राहुल जैन, राजेश कटारे, अन्य सदस्य एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर स्थल में आने वाले मरीजों के पंजीयन परामर्श, चिकित्सकों के बैठक व्यवस्था, दवा वितरण के लिए अलग-अलग काउन्टर बनाए गए हैं। आईटीआई के प्रशासनिक भवन में विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों की बैठक व्यवस्था तथा विभिन्न जांचों हेतु उपकरणों की व्यवस्था की गई है। साथ ही बाहर से आने वाले लोगों के स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था पेमेन्ट के आधार पर ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित दीदी कैफे के माध्यम से की गई है। आयोजकों ने बताया कि शिविर में मेदांता मेडिसिटी गुरुग्राम, बॉम्बे हॉस्पिटल मुंबई, लीलावती अस्पताल मुंबई, मणिपाल हॉस्पिटल नोएडा, चिरायु मेडिकल एंड हॉस्पिटल भोपाल, श्री नारायण हॉस्पिटल रायपुर, जबलपुर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर जबलपुर सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय शहडोल, आदित्य हॉस्पिटल शहडोल, अमृता हॉस्पिटल शहडोल और श्री राम हॉस्पिटल शहडोल का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।

Previous Post Next Post