व्यौहारी के बुढ़वा स्कूल का मामला, शिकायत पर कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। जिले के व्यौहारी विकासखंड अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुढ़वा में हुई अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भर्ती में अनियमितता और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता युवराज सिंह बैस ने संभागीय आयुक्त को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दिसंबर 2025 में की गई अतिथि शिक्षक भर्ती में निर्धारित नियमों और वरिष्ठता सूची को दरकिनार करते हुए चयन प्रक्रिया पूरी की गई। आवेदन में बताया गया है कि विकासखंड पैनल में उनका नाम 22वें स्थान पर दर्ज था और उनका स्कोर कार्ड 168.68 अंक का था, इसके बावजूद उनसे कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को नियुक्ति दे दी गई। शिकायत के अनुसार, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और पात्रता व मेरिट सूची की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से नियुक्ति की गई। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं और अभ्यर्थियों में असंतोष देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शहडोल को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा है। शिकायतकर्ता युवराज सिंह बैस ने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
