पेंशनर्स के होली मिलन समारोह में पहुंचे पूर्व कलेक्टर एस.एस. कुमरे,पेंशनरों को दी होली की शुभकामनाएं
Junaid Khan - शहडोल। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर एसोसिएशन द्वारा दिनांक 07 मार्च को मासिक बैठक के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष लोकेंद्र प्रसाद तिवारी के निवास पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शहडोल प्रवास पर आए इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला कलेक्टर उमरिया श्री एस.एस. कुमरे (आईएएस) विशेष रूप से पेंशनरों के बीच पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान श्री कुमरे ने उपस्थित सभी पेंशनर्स को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि होली का पर्व सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है तथा ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी संबंध और अधिक मजबूत होते हैं। इस अवसर पर कार्यकारी प्रांताध्यक्ष रामनरेश तिवारी, संभागीय अध्यक्ष रविकरण त्रिपाठी एवं जिला अध्यक्ष आर.एल. तिवारी ने श्री एस.एस. कुमरे को गुलाल लगाकर एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। वहीं प्रांतीय उपाध्यक्ष आर.एस. गौतम, कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष लोकेंद्र प्रसाद तिवारी तथा कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात सभी पेंशनर्स ने मिलकर जलपान किया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष आर.एल. तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के बीच में ही प्रांताध्यक्ष एडवोकेट श्री राजकुमार दुबे का फोन प्राप्त हुआ, जिसमें उन्होंने आगामी 17 मार्च को मैहर में आयोजित होने वाले प्रांतीय सम्मेलन की जानकारी देते हुए शहडोल से 20 पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस पर बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सम्मेलन में भाग लेने का निर्णय लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पेंशनर्स ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की खुशियां साझा कीं। साथ ही शेरो-शायरी और हास्य-परिहास के बीच पूरे उत्साह और उल्लास के साथ होली मिलन समारोह मनाया गया। इस अवसर पर वातावरण पूरी तरह रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया।
बैठक में मुख्य रूप से के.पी. महेंद्रा, एच.वी. नगाइच, महेश प्रसाद श्रीवास्तव, गोपीनाथ सिंह, राममिलन शर्मा, एस.पी. दुबे, अरुण पांडेय, रामकरण गुप्ता, राजेंद्र परौहा, के.बी. सिंह, बिनोद सिंह, राजेश नामदेव, लालमणि जायसवाल, हरक्षठ प्रसाद नापित, राजाराम शर्मा, श्रीमती आशा श्रीवास्तव, विजय कुमार जैन, लालजी शुक्ला, विष्णु प्रसाद गुप्ता, वलभद्र प्रसाद द्विवेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष लोकेंद्र प्रसाद तिवारी ने सभी अतिथियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा इस प्रकार के आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही। आर.एल. तिवारी। जिला अध्यक्ष।

