वार्ड एवं पंचायत कांग्रेस कमेटी की समीक्षात्मक बैठक संपन्न
Junaid Khan - शहडोल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी डॉ. चंदन यादव तथा शहडोल संगठन प्रभारी एवं विधायक नारायण पट्टा के मुख्य आतिथ्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी की अध्यक्षता में जैतपुर, बुढ़ार,खैरहा एवं केशवाही ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठक तथा वार्ड एवं पंचायत कांग्रेस कमेटियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा जमीनी स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान वार्ड एवं पंचायत कांग्रेस कमेटियों की समीक्षा बैठक बुढ़ार, धनपुरी वार्ड नंबर 20 एवं ग्राम बम्हौरी में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, वार्ड एवं पंचायत कमेटियों के पदाधिकारी व सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. चंदन यादव ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मंडलम अध्यक्षों एवं सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता हैं। यदि वार्ड और पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत होगा तो आने वाले समय में कांग्रेस और अधिक मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों एवं जनसंपर्क अभियान को सक्रिय रूप से चलाने के निर्देश भी दिए। शहडोल संगठन प्रभारी विधायक नारायण पट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की समस्याओं के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को सुनें और उन्हें संगठन व जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाएं, ताकि उनका समाधान कराया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए वार्ड एवं पंचायत स्तर पर सक्रियता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, वार्ड एवं पंचायत कमेटियों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने प्रदान की।

