काँग्रेस ने जारी की नगर अध्यक्षों की सूची,संगठन को मजबूती देने की पहल

काँग्रेस ने जारी की नगर अध्यक्षों की सूची,संगठन को मजबूती देने की पहल


Junaid Khan - शहडोल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति से जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी द्वारा जिले में संगठन को और अधिक सशक्त व सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न नगरों के लिए नगर अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। जारी की गई सूची के अनुसार प्रभात पाण्डेय को शहडोल नगर अध्यक्ष,अजय जायसवाल को जयसिंहनगर नगर अध्यक्ष, हरिसिंह बरगाही को ब्यौहारी नगर अध्यक्ष, राजेन्द्र सोनी को खांड नगर अध्यक्ष, मोहम्मद साबिर को धनपुरी नगर अध्यक्ष, हर्ष पाठक को बुढ़ार नगर अध्यक्ष तथा जवाहर राव को बकहो नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने इन नियुक्तियों को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने की परंपरा निभाती रही है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्तियां की गई हैं, जिससे नगर स्तर पर पार्टी की गतिविधियां तेज होंगी और आम जनता की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त नगर अध्यक्ष पार्टी की विचारधारा और संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन से संवाद स्थापित करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को भी संगठन के माध्यम से प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने सभी नवनियुक्त नगर अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और कांग्रेस पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला द्वारा प्रदान की गई।

Previous Post Next Post