शहडोल में बम धमकी से हड़कंप,मुख्य डाकघर व पासपोर्ट कार्यालय में सघन जांच

शहडोल में बम धमकी से हड़कंप,मुख्य डाकघर व पासपोर्ट कार्यालय में सघन जांच


Junaid Khan - शहडोल। जिले में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और बीडीएस टीम मौके पर पहुंची और दोनों परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। शहडोल डाकघर अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें भोपाल स्थित हेड ऑफिस से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक अज्ञात ईमेल के माध्यम से पासपोर्ट कार्यालय और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिसमें यह साफ नहीं था कि वह प्रदेश के किस जिले के लिए है। शहडोल डाकघर अधीक्षक ने एहतियान सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली पुलिस और बम निरोधक दस्ता टीम हरकत में आई और शहर के मुख्य डाकघर सहित पासपोर्ट कार्यालय पहुंचकर जांच शुरू की। शहर के व्यस्त इलाके में स्थित मुख्य डाकघर में जैसे ही पुलिस और बीडीएस टीम पहुंची, वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वॉड के साथ पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। इसी तरह पासपोर्ट कार्यालय में भी व्यापक जांच की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि यह कार्रवाई एहतियात के तौर पर की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस तरह की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है। शहडोल में भी इसी क्रम में मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में चेकिंग अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

Previous Post Next Post