दिल्ली में गूंजा शहडोल का विकास एजेंडा: सांसद हिमाद्रि सिंह ने रेल मंत्री से रखीं बड़ी मांगें

नई रेल लाइनों, ट्रेनों के ठहराव और सेवाओं के विस्तार का प्रस्ताव जनजातीय अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर 


Junaid Khan - शहडोल। नई दिल्ली शहडोल संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद हिमाद्रि सिंह ने आज दिनाँक 27 मार्च 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे,विशेषकर रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और जनहित से संबंधित मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा। सांसद ने कहा कि शहडोल सहित आसपास के जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मजबूत रेल नेटवर्क अत्यंत आवश्यक है। इसी दृष्टि से उन्होंने कई अहम प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे। 

नई रेल लाइनों की बड़ी मांग

सांसद ने रीवा शहडोल (वाया ब्यौहारी, जयसिंहनगर) एवं शहडोल मंडला (वाया डिंडोरी) नई रेल लाइनों के निर्माण का आग्रह किया। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

स्थानीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेंकटनगर, बीरसिंहपुर, चंदिया रोड, नौरोजाबाद, निगौरा और करकेली जैसे स्टेशनों पर नर्मदा एक्सप्रेस, बरौनी–गोंदिया तथा जबलपुर अंबिकापुर एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी गई। इससे ग्रामीण एवं अंचलवासियों को सीधे रेल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। ट्रेन सेवाओं के विस्तार का प्रस्ताव रेल सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए सांसद ने कई ट्रेनों के विस्तार का सुझाव भी दिया, जिनमें चेन्नई बिलासपुर एक्सप्रेस को शहडोल तक बढ़ाना नागपुर शहडोल एक्सप्रेस को अंबिकापुर तक विस्तार देना रीवा चिरमिरी एक्सप्रेस का दैनिक संचालन सुनिश्चित करना शामिल है। मुंबई से सीधी कनेक्टिविटी पर जोर सांसद ने रीवा मुंबई एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन कटनी शहडोल बिलासपुर मार्ग से संचालित करने का प्रस्ताव भी रखा। इससे क्षेत्र का सीधा जुड़ाव देश की आर्थिक राजधानी से स्थापित होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

विकास को नई दिशा देने की पहल

सांसद ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेजी से आधारभूत संरचना का विस्तार हो रहा है। ऐसे में इन प्रस्तावों के माध्यम से शहडोल और आसपास के क्षेत्रों को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी, जिससे पूरे क्षेत्र में विकास की नई लहर आएगी।

Previous Post Next Post