350 छात्राओं की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले उमरिया के पाली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सक्षम शक्ति संगठन द्वारा फिट इंडिया वुमन वीक 2026 के अंतर्गत पीएम श्री कन्या शिक्षा परिसर पाली में महिला जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंद्रकला विश्वकर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन) उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गोविंद पाल (न्यायाधीश), दिव्या तिवारी (चीफ केमिस्ट), डी.के. सरस (जेल अधीक्षक), सरिता जैन (प्राचार्य एवं बीईओ), मोनिका सिन्हा (महिला एवं बाल विकास अधिकारी) एवं शिवांगी द्विवेदी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक नेहा मिश्रा द्वारा छात्राओं को दैनिक जीवन में उपयोगी योगाभ्यास कराया गया तथा स्वास्थ्य और फिटनेस के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पिछले वर्ष की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें भारती सिंह, भारती सिंह एवं नीलम सिंह को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें दिव्या तिवारी (प्रथम महिला चीफ केमिस्ट), सरिता जैन (बीईओ), नेहा मिश्रा (योग प्रशिक्षक), गीता थापा (महिला ऑटो चालक), सरिता गुप्ता, संज्ञा चौरसिया, सपना चक्रवर्ती एवं मीना राजावत शामिल रहीं। सभी सम्मानित महिलाओं को सक्षम शक्ति संगठन द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर न्यायाधीश गोविंद पाल एवं जेल अधीक्षक डी.के. सरस के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चंद्रकला विश्वकर्मा ने महिला अधिकारियों की भूमिका और उनकी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान निभा रही हैं। वहीं न्यायाधीश गोविंद पाल, डी.के. सरस, सरिता जैन एवं मोनिका सिन्हा ने भी महिलाओं की उपलब्धियों और उनके सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान सक्षम शक्ति संगठन की अध्यक्षा माधवी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्त और जागरूक होना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा,स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के माध्यम से ही महिलाओं को समाज में मजबूत स्थान मिल सकता है और ऐसे कार्यक्रम इसी उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम में लगभग 350 छात्राएं एवं करीब 20 महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में सक्षम शक्ति संगठन की अध्यक्षा श्रीमती माधवी सिंह, उपाध्यक्ष सुधा विश्वकर्मा, सचिव सविता पाठक सहित संगठन की शालिनी आनंद, भावना पवार, सरिता शर्मा एवं अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सक्षम शक्ति संगठन की अध्यक्षा माधवी सिंह ने सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं उपस्थित छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं और महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

