जिला अस्पताल शहडोल में प्रसव के दौरान टेबल टूटने से नवजात की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

आम आदमी पार्टी ने की निष्पक्ष जांच की मांग,दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग 


Junaid Khan - शहडोल। जिला अस्पताल शहडोल में प्रसव के दौरान प्रसूता के नीचे रखी टेबल टूट जाने से महिला के गिरने और नवजात शिशु की मौत हो जाने की घटना ने पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। इस दुखद घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के प्रतिनिधि अनूप शर्मा ने कहा कि यह घटना केवल एक सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था को उजागर करती है। जिस स्थान पर एक नए जीवन का सुरक्षित स्वागत होना चाहिए, वहां इस तरह की लापरवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि यदि जिला अस्पताल जैसे प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र में ही मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं, तो आम नागरिक आखिर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए किस पर भरोसा करें। अस्पतालों में प्रसूता और नवजात की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को सामने ला दिया है। अनूप शर्मा ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जो भी अधिकारी या कर्मचारी इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों को दंडित करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी दर्दनाक घटना और पीड़ा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार को जिला अस्पतालों की व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक संसाधन और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार मिल सके।

Previous Post Next Post