नगर पालिका के आयोजन में जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार व शहरवासी बड़ी संख्या में हुए शामिल
Junaid Khan - शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा स्थानीय टैगोर पार्क में होली मिलन समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार शाम आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, पार्षदों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गीत-संगीत ने माहौल को और भी उत्सवमय बना दिया। उपस्थित लोगों ने आपस में मिलकर होली के इस पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा भंडारी, उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित पार्षदगण, पत्रकारगण तथा शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ ही लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में रंग-गुलाल के साथ जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान हर्ष और उल्लास का वातावरण बना रहा तथा सभी ने एक-दूसरे को रंगोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए होली पर्व की खुशियां साझा कीं।

