नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल व सीएमओ आशा भंडारी ने यूनिफॉर्म प्रदान कर दी शुभकामनाएं
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 11 मार्च 2026 भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा आगामी 13 मार्च 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में “अमृत मित्र महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से चयनित महिला प्रतिनिधि सहभागी बनकर अपने-अपने शहरों में किए जा रहे नवाचारों, अनुभवों तथा सफल पहलों को साझा करेंगी। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शहडोल अंतर्गत संचालित दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) से जुड़ी 5 अमृत मित्र महिलाएं इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शहडोल से भोपाल होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं। इनके साथ जिला नोडल अधिकारी श्रीमती प्रतीक्षा शुक्ला एवं पी.डी.एम.सी. सोशल एक्सपर्ट भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में सहभागिता से पूर्व 10 मार्च 2026 को नगर पालिका परिषद कार्यालय में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा अमृत मित्र महिलाओं को यूनिफॉर्म वितरित कर सम्मानपूर्वक शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें राष्ट्रीय मंच पर शहडोल नगर का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया गया। उल्लेखनीय है कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहडोल नगर में Women for Trees अभियान, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा विवेकानंद पार्क के संधारण एवं प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में 11 स्व-सहायता समूहों की लगभग 25 महिलाएं ‘अमृत मित्र’ के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ये महिलाएं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरित विकास एवं सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सराहनीय कार्य कर रही हैं। इन्हीं सक्रिय अमृत मित्रों में से 5 महिलाओं का चयन राज्य स्तर से नई दिल्ली में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में सहभागिता हेतु किया गया है, जो शहडोल नगर के लिए गौरव एवं उपलब्धि का विषय है। इस अवसर पर सिटी मिशन मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा ने कहा कि अमृत मित्र महिलाएं राष्ट्रीय मंच पर शहडोल नगर में किए जा रहे कार्यों एवं अनुभवों को साझा कर शहर की सकारात्मक पहचान स्थापित करेंगी। साथ ही वे अन्य शहरों की सफल पहलों से सीख लेकर वापस आएंगी, जिससे शहडोल में अमृत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। नगर पालिका परिषद शहडोल ने अमृत मित्र महिलाओं को इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल प्रतिनिधित्व की कामना की है।

