बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक और ब्लड सेंटर का शुभारंभ

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने फीता काटकर किया उद्घाटन, डॉक्टरों ने रक्तदान कर की शुरुआत 


Junaid Khan - शहडोल। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शुक्रवार को शहडोल प्रवास के दौरान शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में नव निर्मित ब्लड बैंक और ब्लड सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने रक्तदान कर ब्लड बैंक की शुरुआत की। उपमुख्यमंत्री ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए डॉक्टरों की सराहना की और कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने सभी लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील भी की। मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में केवल ब्लड बैंक ही नहीं बल्कि ब्लड सेंटर की भी शुरुआत की गई है। यहां करीब 600 यूनिट रक्त भंडारण की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे शहडोल जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस ब्लड सेंटर में ब्लड सेपरेशन की आधुनिक सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे एक यूनिट रक्त को अलग-अलग कंपोनेंट में विभाजित कर चार अलग-अलग मरीजों के उपचार में उपयोग किया जा सकेगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। उपमुख्यमंत्री ने मेडिकल शिक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में पीजी सीटों को 6 से बढ़ाकर 71 करने के लिए मेडिकल काउंसिल में आवेदन किया गया है और जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। साथ ही एमबीबीएस सीटों को बढ़ाने की दिशा में भी तैयारी की जा रही है। वहीं ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर गैस आपूर्ति पर उठ रहे सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और देश में गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

Previous Post Next Post