शहडोल संभाग में संगठन को मिलेगी नई मजबूती, अनुभव और जनसंपर्क से बढ़ेंगी पार्टी की उम्मीदें
Junaid Khan - शहडोल। आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश में संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। पार्टी ने वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता शक्ति सिंह चंदेल को प्रदेश इकाई में प्रदेश सचिव के पद पर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन के लिए एक मजबूत रणनीतिक कदम माना जा रहा है, खासकर विंध्य क्षेत्र और शहडोल संभाग में पार्टी के बढ़ते प्रभाव के लिहाज से। शक्ति सिंह चंदेल लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और अपने निष्पक्ष लेखन व जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए क्षेत्र में एक अलग पहचान बना चुके हैं। इसके साथ ही वे सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़े रहे हैं, जिससे उन्हें आम जनता के बीच व्यापक समर्थन और विश्वास प्राप्त है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, चंदेल की नियुक्ति ऐसे समय में की गई है जब आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने और नए नेतृत्व को आगे लाने पर विशेष ध्यान दे रही है। उनकी सक्रियता, अनुभव और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी को उम्मीद है कि वे संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चंदेल का पार्टी में शामिल होना और प्रदेश सचिव जैसे अहम पद पर नियुक्त होना, शहडोल संभाग में आम आदमी पार्टी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। उनके व्यापक जनसंपर्क और क्षेत्रीय समझ का लाभ पार्टी को आगामी चुनावी रणनीतियों में भी मिल सकता है।
वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस नियुक्ति का जोरदार स्वागत किया है। कई कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन विस्तार और मजबूती की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए विश्वास जताया कि चंदेल के नेतृत्व में पार्टी जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय होगी। चंदेल की नियुक्ति से यह भी संकेत मिलता है कि आम आदमी पार्टी अब मध्य प्रदेश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए गंभीर रणनीति पर काम कर रही है। आने वाले समय में इस नियुक्ति के राजनीतिक प्रभाव पर सभी की नजरें टिकी।
