गैस सिलेंडर एवं बिजली बिल में मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस करेगी धरना-प्रदर्शन
Junaid khan - शहडोल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम, अपर्याप्त उपलब्धता, बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि तथा पेट्रोल-डीजल की कमी के विरोध में मंगलवार, 31 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्ट्रेट शहडोल के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के उपरांत प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन पहले ही परेशान हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि एवं बिजली दरों में बढ़ोतरी ने लोगों का जीवन और अधिक कठिन बना दिया है। साथ ही पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन से इस जनआंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की है। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला द्वारा प्रदान की गई।
