महिलाओं के हुनर को निखारने केंद्र एवं राज्य सरकार प्रतिबद्ध- कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री

हस्तशिल्प एवं हथकरघा के विकास से शहडोल जिले को मिलेगी नई पहचान -मंत्री श्री जायसवाल 

छतवई हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र का फीता काटकर किया गया शुभारंभ



Junaid Khan - शहडोल। 08 मार्च 2026 मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संत रविदास हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम छतवई में डीएमएफ मद वर्ष 2024-25 योजनांतर्गत प्रशिक्षण केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि छतवई हस्तशिल्प एवं हथकरघा के विकास से शहडोल जिले को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि हथकरघा गतिविधियों के प्रारंभ होने से स्थानीय लोगों को रोजगार एवं आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं के हुनर को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाएं हस्तशिल्प एवं हथकरघा की कला सीखकर अपने हुनर को आगे बढ़ाएं और आत्मनिर्भर बनें। मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के विक्रय के लिए ऑनलाइन वेबसाइट भी तैयार की जाएगी, जिसमें उत्पादों की जानकारी एवं मूल्य प्रदर्शित होंगे। इस वेबसाइट के माध्यम से शहडोल जिले के छतवई में निर्मित कालीन, मूर्तियां, गोंडी पेंटिंग सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी देश-विदेश तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रारंभ हो रहे 50 दिवसीय डीएमएफ योजना वर्ष 2024-25 अंतर्गत स्वीकृत काष्ठ शिल्प, गोंडी पेंटिंग, कालीन एवं दरी बुनाई के प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थी लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी कला को देश, प्रदेश और विदेशों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि छतवई हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र के प्रारंभ होने से महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और यह उनके लिए आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं 50 दिवसीय प्रशिक्षण में मन लगाकर कालीन निर्माण, गोंडी पेंटिंग सहित अन्य गतिविधियों को सीखें। कार्यक्रम को सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने स्थानीय कारीगरों से संवाद कर उनके द्वारा निर्मित कालीन, दरी एवं काष्ठ शिल्प का अवलोकन किया तथा उनकी कला की सराहना की। इस अवसर पर जयंती कुशराम द्वारा मंत्री श्री जायसवाल को गोंडी पेंटिंग भेंट की गई। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, सरपंच श्रीमती मुन्नी बाई सहित छतवई हथकरघा के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रकाश जायसवाल द्वारा किया गया। ज्ञात हो कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रारंभ किए गए 50 दिवसीय प्रशिक्षण में डीएमएफ योजना वर्ष 2024-25 अंतर्गत स्वीकृत काष्ठ शिल्प, रॉट आयरन, गोंडी पेंटिंग, कालीन एवं दरी निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Previous Post Next Post