गोंड समाज के लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की अपील
Junaid Khan - शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फतेहपुर में संचालित एक चर्च और महिला प्रार्थना भवन के संचालकों पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में एक महिला ने थाना प्रभारी सिंहपुर को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता कविता सिंह मार्को निवासी ग्राम डोलर (थाना जयसिंहनगर) हाल मुकाम सब्जी मंडी हाउस के पीछे, शहडोल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 मार्च 2026 को उसे सूचना मिली कि ग्राम फतेहपुर में चर्च एवं महिला प्रार्थना भवन में गोंड समाज के युवक युवतियों का विवाह कराया जा रहा है। आरोप है कि उक्त कार्यक्रम में कुछ लोगों द्वारा युवतियों को आर्थिक सहायता, इलाज और शिक्षा जैसी सुविधाओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की बात कही जा रही थी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाह के बाद संबंधित लोगों को आर्थिक सहायता देने और बीमारी के समय इलाज कराने का आश्वासन भी दिया जाता है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस प्रकार के प्रलोभन देकर क्षेत्र के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आवेदन में कहा गया है कि कई मामलों में बिना वैधानिक प्रक्रिया के ही युवक-युवतियों का विवाह कराया जा रहा है, जिससे समाज में असंतोष की स्थिति बन रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ग्राम फतेहपुर में संचालित चर्च और प्रार्थना भवन की गतिविधियों की जांच कराई जाए और यदि धर्मांतरण से जुड़ी कोई अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
वहीं स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

