चैत्र नवरात्रि प्रतिपदा, के अवसर पर प्रसिद्ध कंकाली देवी मंदिर प्रांगण अंतरा में की गई प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई
Junaid Khan - शहडोल। 19 मार्च 2026- जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में शहडोल जिले में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, पुनर्जीवन एवं स्वच्छता सुनिश्चित कर जल संकट से निपटने के लिए ठोस पहल करना है। चैत्र नवरात्रि प्रतिपदा के पावन अवसर पर जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत झगरहा के ग्राम अन्तरा स्थित प्रसिद्ध कंकाली देवी मंदिर प्रांगण में प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रशासन एवं समाज के सहयोग से संचालित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर डाॅ. केदार सिंह ने कहा कि धरती को हरियाली की चादर पहनाने हेतु जल स्त्रोंतो का संरक्षण आवश्यक है। जल है तो कल है, जल का काई विकल्प नहीं है। वर्षा के जल एवं जल स्त्रोतों का संरक्षण करके ही जल संवर्धन कर सकते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के नेतृत्व में चैत्र प्रतिपदा से प्रदेशव्यापी जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरूआत की गई है। यह अभियान 30 जून तक सरकार एवं समाज की सहभागिता से संचालित किया जाना है। जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से पुराने जल स्त्रोंतों कुआं, तालाब, बावड़ी, स्टाप डैम आदि का जीर्णोंद्धार, नदी नालों, की साफ-सफाई एवं पुनर्जीवन देने का कार्य किए जा सकते हैं। सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले भर में जन जागरूकता अभियान नवीन जल संरचनाओं के निर्माण, भू जल संवर्धन तथा जल संरचनाओं की साफ-सफाई तथा नवीनी करण, जल स्त्रोंतों को प्रदूषण मुक्त बनाने सिंचाई जलाशयों एवं नहरों की मरम्मत, जैसे कार्य किए जाएंगे। आपने कहा कि नई निर्मित जल संरचनाओं एवं पुरानी जल संरचनाओं को राजस्व अभिलेख में दर्ज करने का कार्य भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बावड़ी की साफ-सफाई एवं उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और आकर्षक बनाने हेतु सामूहिक श्रमदान किया गया। बावड़ी की साफ-सफाई एवं उसके आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने हेतु कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, जनप्रतिनिधि जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहागपुर श्रीमती हीरावती कोल ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सुशीला कोल, व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुद्रिका सिंह,सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, परियोजना समन्वयक ग्रामीण आजीविका परियोजना, जिला खनिज अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणजनों ने श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को बावड़ी जीर्णोद्धार का स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।

