घर में दिनदहाड़े चोरी का खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 28.11.2025 को फरियादी विनय सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना बुढार, जिला शहडोल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 26.11.2025 को वह अपने घर में ताला बंद कर पत्नी सहित बाहर गए थे। दोपहर को वापस आने पर देखा कि घर का ताला खोलने पर कमरे का ताला टूटा हुआ था तथा आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें सोने का मनचली, पायल, अंगूठी, झुमका, चांदी की पायजेब, बिछिया आदि कुल कीमती लगभग 80,000 रुपये एवं नगद 12,000 रुपये चोरी होना पाया गया। अज्ञात आरोपी द्वारा घर के पीछे स्थित बाथरूम के रास्ते छत पर चढ़कर सीढ़ी के जरिए अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। रिपोर्ट पर थाना बुढार में अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर अजय बैगा (19 वर्ष) निवासी धनपुरा, तथा दो विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। आरोपी अजय बैगा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बुढार में पेश किया गया है, वहीं दोनों विधिविरुद्ध बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। सराहनीय भूमिका- उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी बुढार के नेतृत्व में, सउनि राजा भइया बागरी, आर. हरिकिशन, प्रआर. गजेन्द्र सिंह, व थाना स्टाप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
