जिले के महाविद्यालयों एवं छात्रावासों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु NSUI ने सौंपा ज्ञापन
Junaid Khan - शहडोल। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में छात्र-छात्राओं को लंबे समय से हो रही मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर NSUI जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी के नेतृत्व में शहडोल कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से NSUI ने छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। शासकीय महाविद्यालय गोहपारू तक पक्की सड़क की मांग। NSUI ने बताया कि शासकीय महाविद्यालय गोहपारू तक पूर्व में निजी भूमि से होकर आवागमन होता था, लेकिन अब वहां खेती किए जाने के कारण रास्ता बंद हो गया है। इसके चलते छात्र-छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। NSUI ने शासन से कॉलेज तक उचित सार्वजनिक मार्ग उपलब्ध कराकर पक्की सड़क का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की। कंचनपुर माता शबरी आश्रम छात्रावास की बदहाल व्यवस्था। कंचनपुर स्थित माता शबरी आश्रम छात्रावास में छात्राओं को साफ-सफाई, बाथरूम एवं शौचालयों की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी उठानी पड़ रही है। NSUI ने छात्रावास में नियमित सफाई, पर्याप्त स्वच्छ पेयजल तथा समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग की। छात्रावासों से छात्र-छात्राओं के गायब होने का मुद्दा: NSUI ने जिले के छात्रावासों से छात्र-छात्राओं के लगातार गायब होने की शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। संगठन ने कहा कि पिछले दो वर्षों से इस गंभीर विषय को लगातार प्रशासन के संज्ञान में लाया जा रहा है। छात्रावासों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा ऐसी घटनाओं में जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई। सभी छात्रावासों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग: NSUI ने जिले के सभी छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, परिसर, बाथरूम एवं शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही प्रत्येक छात्रावास में वॉटर कूलर लगाए जाने की मांग भी की गई। NSUI जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को इन समस्याओं का 3 दिन के भीतर निराकरण प्रारंभ कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 3 दिन के भीतर मांगों पर कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं देता है, तो NSUI छात्रहित में बड़ा छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी,आशीष द्विवेदी, अमन तिवारी, दिपांशु गुप्ता, महेंद्र यादव, सावन ढीमर, सुमित सिंह सेंगर, दीपक, ओम साहू, चंदन कुशवाहा, सिवांशु कुशवाहा, सुमित यादव, कृष्ण गुप्ता, अजय यादव, सचिन यादव, मोहित जायसवाल। दुर्गेश सिंह, प्रभु, अवतारकरण पटेल, पुष्पेंद्र पटेल, अमन यादव, आरुष मिश्रा, सुमित तिवारी, साहिल कुशवाहा, गुलशन सिंह, परमार, प्रिंस सेन, किसन द्विवेदी, योगेश, आसू, अजय यादव। क्रतेंद्र आदि उपस्थित रहे।
