शहडोल में जिला स्तरीय बालिका अस्मिता कप (अंडर-16) फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
Junaid Khan - शहडोल । जिला फुटबॉल संघ, शहडोल ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन एवं मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय बालिका अस्मिता कप (अंडर-16) फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 20 अप्रैल 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक रेलवे फुटबॉल ग्राउंड, शहडोल में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जिले की 06 क्लब की टीमें सहभागिता कर रही हैं। इन्हें आपस में लीग मैच खिलाया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 अप्रैल 2026 को प्रातः 07:30 बजे रेलवे ग्राउंड में किया गया। शुभारंभ समारोह में रेलवे स्कूल की प्राचार्या श्रीमती प्रभात कुशवाहा जिला फुटबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद जकारिया, रिलायंस सीबीएम के सामाजिक दायित्व प्रमुख राजीव श्रीवास्तव, संघ के सचिव रईस अहमद, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह, एन ई आई रेलवे के सचिव पी एस राव पूर्व खिलाड़ी रामाराव जी, कैलाश वर्मा, स्वास्थ्य विभाग से प्रमोद कुमार गोले एवं अन्य खेलप्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में संघ की ओर से सभी अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया। स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम की रूपरेखा संघ के सचिव रईस अहमद द्वारा प्रस्तुत की गई। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर दो मैच खेले गए। प्रथम मैच आरएफटीसी धनगवां एवं कंचनपुर के मध्य खेला गया, जो शून्य-शून्य की बराबरी पर समाप्त हुआ। द्वितीय मैच सीबीएम फुटबॉल क्लब जरवाही एवं इलेवन फुटबॉल क्लब विचारपुर के मध्य खेला गया, जिसमें जरवाही टीम तीन-एक से विजयी रही। जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता से स्थानीय बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा तथा जिले में फुटबॉल के विकास को नई दिशा मिलेगी। मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा मैच खिलाने के लिए ऑफिशियल नियुक्त किए गए हैं। मैच कमिश्नर होंगे एस एस ए नगवी जबलपुर, रेफरी होंगे,अम्बुज कुमार गुप्ता, शेख कौनेन, यशोदा सिंह, संजय सिंह, राजू बैगा, लक्ष्मी सहिस,सचिन,रईस अहमद जिला फुटबाल संघ शहडोल।

