स्मार्ट मीटर से खुली बिजली चोरी की पोल,224 कनेक्शनों की जांच, 106 पर केस दर्ज

आधुनिक तकनीक और एआई विश्लेषण से पकड़ में आए अनियमित उपभोक्ता, विद्युत विभाग का शाहडोल डिवीजन में सघन अभियान 


Junaid Khan - शहडोल। जिले में बिजली चोरी और स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ के मामलों पर विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया। आधुनिक तकनीक और डेटा विश्लेषण की मदद से कुल 224 कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 106 मामलों में अनियमितता और बिजली चोरी पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विद्युत विभाग द्वारा शाहडोल डिवीजन के विभिन्न क्षेत्रों ब्योहारी, धनपुरी, बुढार और शहडोल शहर में यह सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़, मीटर रीडिंग में गड़बड़ी और अवैध रूप से बिजली उपयोग के कई मामले सामने आए। विभाग ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर में तकनीकी छेड़छाड़ कर बिजली खपत को कम दिखाने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन विभाग ने जबलपुर कार्यालय से प्राप्त उन्नत तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग के जरिए संदिग्ध उपभोक्ताओं की सूची तैयार की, जिसके आधार पर यह कार्रवाई संभव हो सकी। अभियान के दौरान सामने आए मामलों में स्पष्ट हुआ कि कई उपभोक्ता योजनाबद्ध तरीके से बिजली चोरी कर रहे थे। ऐसे सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ न केवल प्रकरण दर्ज किए गए हैं, बल्कि उनसे राजस्व वसूली और दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। विभाग के कार्यपालन अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी विश्लेषण से प्राप्त डेटा विभाग के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है और इससे बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पा रहा है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नियमों के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें। अन्यथा भविष्य में सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। निष्कर्ष-विद्युत विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि अब तकनीक के जरिए बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो चुका है, और आने वाले समय में ऐसे मामलों में और तेजी से कार्रवाई देखने को मिलेगी।

Previous Post Next Post