चार खातों से मिनटों में उड़ाए 2.24 लाख: किसान के साथ साइबर ठगी, बिना OTP भी साफ हुआ पैसा
Junaid Khan - शहडोल जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने बैंकिंग सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैकी निवासी एक किसान के चार अलग-अलग बैंक खातों से अज्ञात जालसाजों ने महज कुछ ही समय में 2 लाख 2480 रुपये पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ने न तो किसी को OTP साझा किया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। पीड़ित मोहम्मद राशिद (38), पिता अब्दुल हसन, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके प्राइवेट बैंक में चार खाते संचालित हैं, जो उनके भाइयों के साथ जॉइंट अकाउंट हैं और सभी में एक ही मोबाइल नंबर लिंक है। घटना 19 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे की है, जब उनके दो मुख्य खातों से 50-50 हजार रुपये की चार किश्तों में कुल 2 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके तुरंत बाद अन्य दो खातों से भी 1240-1240 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। शाम करीब 6 बजे जब राशिद ने अपने मोबाइल पर मैसेज देखे, तब उन्हें इस बड़ी धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने तुरंत कस्टमर केयर से संपर्क कर अपने खाते ब्लॉक कराए और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार घटना के समय डेबिट कार्ड, पासबुक और मोबाइल फोन सभी उनके पास ही थे। उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति को कोई जानकारी साझा नहीं की थी और न ही किसी संदिग्ध एप या लिंक का उपयोग किया था। इसके बावजूद खातों से ट्रांजेक्शन होना सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे आम लोगों में चिंता बढ़ गई है।
