जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों के विरुद्ध कार्यवाही प्रारंभ, 53 भवन स्वामियों को नोटिस जारी
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 29 अप्रैल 2026 कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा नगर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों में स्थित जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों के संबंध में गंभीरता पूर्वक संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा पूर्व में संबंधित अधिकारियों को सर्वेक्षण कर विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के अनुपालन में नगर के विभिन्न वार्डों से कुल 53 जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध किया गया है। चिन्हित भवनों के स्वामियों को नगर पालिका परिषद द्वारा विधिवत नोटिस जारी कर निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने भवनों की आवश्यक मरम्मत कराएं अथवा उन्हें स्वयं सुरक्षित रूप से हटाने (ध्वस्तीकरण) की कार्रवाई सुनिश्चित करें। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्यवाही नहीं करने की स्थिति में नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी तथा इस पर होने वाला समस्त व्यय संबंधित भवन स्वामी से वसूल किया जाएगा। विशेष रूप से ऐसे भवनों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया है, जिनमें वर्तमान में नागरिक निवासरत हैं। आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए इन भवनों के धराशायी होने की संभावना बनी हुई है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका है। नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा समस्त भवन स्वामियों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करें। साथ ही आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे ऐसे जर्जर भवनों के समीप अनावश्यक रूप से आवागमन न करें तथा किसी भी संभावित खतरे की सूचना तत्काल नगर पालिका को दें। नगर पालिका परिषद द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि सार्वजनिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा लापरवाही बरतने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
