17 अप्रैल को करेंगे कानून-व्यवस्था की बड़ी समीक्षा
Junaid Khan - शहडोल। संभाग में कानून-व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नए संभाग प्रभारी एडीजी राजाबाबू सिंह सक्रिय नजर आ रहे हैं। गृह विभाग मध्यप्रदेश द्वारा 8 अप्रैल को शहडोल संभाग के प्रभारी बनाए गए एडीजी प्रशिक्षण राजाबाबू सिंह 17 अप्रैल को संभाग में कानून और व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान शहडोल, अनूपपुर और उमरिया एसपी शाम चार बजे पीपीपी फार्म के साथ वीसी में मौजूद रहेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलेवार अपराध स्थिति, पुलिस कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की समीक्षा और कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर गहन चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि संभाग प्रभारी प्रभार के जिलों में मुख्यमंत्री द्वारा बैठकों में दिए गए कानून और व्यवस्था के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएंगे, साथ ही जिले के ऐसे विषय जो पुलिस मुख्यालय से संबंधित हैं उनका समन्वय करेंगे। दो माह में कम से कम एक बार प्रभारी के जिलों का दौरा करेंगे और समय-समय पर पुलिस के कार्यों की समीक्षा करेंगे। बताया जा रहा है कि एडीजी राजाबाबू सिंह की इस समीक्षा बैठक को लेकर पुलिस महकमे में तैयारी तेज हो गई है। सभी जिलों से अपराध आंकड़े, संवेदनशील मामलों की जानकारी और लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बैठक में हर बिंदु पर तथ्यात्मक और अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की जाए। इस समीक्षा के जरिए संभाग में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में सुधार और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। नई जिम्मेदारी संभालते ही एडीजी का यह सख्त रुख संकेत दे रहा है कि आने वाले समय में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
