शिक्षा का संबल और देशभक्ति की मिसाल,ग्रीन बेल्स स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से संपन्न

प्रशासन,पुलिस और शिक्षा विभाग ने सराहा,लापरवाही करने वालों के लिए मिसाल बनी बुढ़ार की यह संस्था 



Junaid Khan - शहडोल। बुढ़ार (मध्य प्रदेश)। स्वतंत्रता दिवस का पर्व केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का दिवस है। बुढ़ार स्थित ग्रीन बेल्स पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस बेहद हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमान मनोज सिंह जी (नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी, वृत्त धनपुरी) द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने मनमोहक गीत, राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत संगीत, सांस्कृतिक नृत्य एवं देशभक्ति से लबरेज नाटकों के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा (कक्षा 10वीं एवं 12वीं) की प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, एन.सी.सी. कैडेट्स, प्रतिभा सम्मान योजना तथा हिंदी ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रशासनिक दृष्टिकोण और शिक्षा विभाग के मानकों पर गौर करें तो मध्य प्रदेश सरकार की बेहतर शैक्षणिक नीतियों और स्थानीय प्रशासन के संरक्षण में यह संस्था क्षेत्र के लिए एक मिसाल बनकर उभरी है। एक ओर जहाँ कई शैक्षणिक संस्थान और जिम्मेदार प्रशासनिक अमला अपनी मूल जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतता नजर आता है, वहीं ग्रीन बेल्स पब्लिक स्कूल ने अनुशासन, एन.सी.सी. और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रति अपनी निष्ठा साबित कर ऐसे लापरवाह तंत्र को करारा जवाब दिया है। कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री मनोज सिंह जी ने अपने संबोधन में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों के अनुशासित प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह आयोजन न केवल बच्चों के हुनर को निखारने का मंच बना, बल्कि क्षेत्र के उन अधिकारियों और संस्थाओं के लिए भी एक प्रत्यक्ष संदेश है जो अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीन रहते हैं। शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और देशभक्ति का यह संगम बुढ़ार क्षेत्र के लिए एक नई दिशा तय कर रहा है।

Previous Post Next Post