शहडोल में जिला फुटबॉल संघ की बैठक: राष्ट्रीय स्तर तक खिलाड़ियों की पहुंच पर जोर
Junaid Khan - शहडोल। जिला फुटबॉल संघ (DFA) शहडोल द्वारा संघ की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा एवं आगामी आयोजनों की योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन पैराडाइज होटल गोरतरा पेट्रोल पंप के सामने शहडोल में किया गया। बैठक की शुरुआत संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों, कोचों एवं खिलाड़ियों के औपचारिक परिचय से हुई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष श्री मोहम्मद जकरिया ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्री ए के मोहंती, श्री बालकृष्ण बंगारी, समीम खान सचिव श्री रईस अहमद एवं श्री सीएसआर हेड रिलायंस फाउंडेशन के राजीव श्रीवास्तव, अश्वनी, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह, रहीम खान, सह सचिव योगराज वर्मा, नरेंद्र कुंडे, उमेश कुमार गुप्ता,यशोदा सिंह, लक्ष्मी सहिस, राजू बैगा, जितेन्द्र सिंह, इंद्रजीत ,शैलेंद्र सिंह ,राष्ट्रीय खिलाड़ी उमा केवट, सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में सभी अतिथियों का स्वागत संघ के सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। संघ के कोषाध्यक्ष श्री अनिल सिंह ने पुनर्गठन के बाद DFA द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से जूनियर एवं सब-जूनियर बालिका वर्ग की दो टीमों ने ओपन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। साथ ही, 10 से अधिक खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ, जिन्होंने जोरहाट (असम) एवं दीमापुर (नागालैंड) में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इसके अतिरिक्त, DFA द्वारा लेवल-8 रेफरी प्रशिक्षण कोर्स का आयोजन किया गया, जिसमें 28 युवाओं ने परीक्षा उत्तीर्ण कर रेफरी के रूप में कार्य करना प्रारंभ किया है। संघ द्वारा AIFF के दिशा-निर्देशों के अनुसार 9 क्लबों का पंजीकरण एवं खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन भी किया गया है। 24 खिलाड़ियों को रिलायंस फाउंडेशन शहडोल के सहयोग से डी लाइसेंस कोर्स कराकर फुटबॉल कोच बनाया गया। सचिव श्री रईस अहमद ने बैठक में वित्तीय संसाधनों की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संघ के पास आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं है, जिसके कारण इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में U-20 टीम को भेजने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसी माह आयोजित होने वाले U-14 एवं U-17 बालिका वर्ग के अस्मिता टूर्नामेंट की जानकारी भी साझा की, जिसका आयोजन DFA शहडोल द्वारा किया जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष श्री जकरिया ने खिलाड़ियों को इंदौर प्रतियोगिता में भागीदारी हेतु, खेल ड्रेस देते हुए बाकी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिला फुटबाल संघ को आवश्यकता अनुसार मीटिंग एवं ऑफिशियल के रुकने के लिए पैराडाइज होटल शहडोल निशुल्क उपलब्ध रहेगी,एवं संघ की अन्य अतिथियों में भी खिलाड़ियों के समर्थन हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक के दौरान संघ की स्थिरता एवं नियमित गतिविधियों के संचालन हेतु एक कोष (कॉर्पस फंड) बनाने पर भी चर्चा की गई। श्री राजीव श्रीवास्तव द्वारा सुझाव दिया गया कि संघ के सदस्यों से नियमित अंशदान एवं खिलाड़ियों से न्यूनतम शुल्क लिया जाए, जिससे उनकी सहभागिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी तथा संघ के पास आपातकालीन निधि उपलब्ध रहेगी मंच संचालन संघ के उपाध्यक्ष समीम खान ने की, मंच संचालन संघ के उपाध्यक्ष समीम खान ने किया। अंत में श्री रहीम खान द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा अगली बैठक शीघ्र आयोजित करने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।
