अग्रवाल लॉज हादसे के घायलों से मिलने मेडिकल कॉलेज पहुंचे सांसद व भाजपा पदाधिकारी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Junaid Khan - शहडोल। 07 अप्रैल 2026।शहडोल में मानवता और संवेदनशीलता का एक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब सांसद हिमाद्रि सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा व सभी भाजपा पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता ने अनुपपुर जिले के कोतमा नगर में विगत दिनों अग्रवाल लॉज गिरने से हुए हादसे में मेडिकल कॉलेज शहडोल में भर्ती घायलों का हाल-चाल जाना एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने न केवल हादसे में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना, बल्कि उनके परिजनों से भी चर्चा कर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों का भी कुशलक्षेम जाना, जिससे अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों को भी संबल मिला। निरीक्षण के दौरान सांसद एवं भाजपा पदाधिकारियों ने डॉक्टरों से चर्चा कर उपचार व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक उपकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों के समुचित इलाज हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि किसी भी मरीज को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सांसद हिमाद्रि सिंह ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर है और हर जरूरतमंद मरीज को बेहतर इलाज मिलना प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी प्रकार की अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता होगी तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने भी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। गौरतलब है कि कोतमा नगर में अग्रवाल लॉज गिरने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे और उनका उपचार मेडिकल कॉलेज शहडोल में जारी है। प्रशासन द्वारा भी लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायलों के साथ-साथ अन्य भर्ती मरीज भी शीघ्र स्वस्थ हों।

