देवलोंद में कानून व्यवस्था पर सवाल, पुरानी रंजिश बनी हिंसा की वजह
Junaid Khan - शहडोल। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़वा में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। तीन युवकों ने एक फर्नीचर दुकान में घुसकर संचालक के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। दुकान बनी अखाड़ा, जमकर चले लात-घूंसे जानकारी के अनुसार, फर्नीचर संचालक धर्मेंद्र विश्वकर्मा अपनी दुकान पर काम में व्यस्त थे, तभी गांव के ही विवेक, विनय और प्रशांत वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों पहले से ही आक्रामक मूड में थे। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हुई और कुछ ही पलों में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दुकान के अंदर ही आरोपियों ने धर्मेंद्र पर लात-घूंसे और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान दुकान का सामान भी तहस-नहस हो गया, जिससे आर्थिक नुकसान भी हुआ है। कैमरे में कैद हुई दबंगई, वीडियो ने मचाया बवाल घटना का पूरा घटनाक्रम किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तीनों युवक बेखौफ होकर दुकान में घुसते हैं और संचालक को पीटते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस हरकत में, तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज। पीड़ित की शिकायत पर देवलोंद थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। पहले भी हो चुकी ऐसी वारदात, नहीं थम रहा अपराध गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के शेर चौक में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां दुकान में घुसकर मारपीट की गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से साफ है कि बदमाशों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है।
जनता में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। नोट: वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही पूर्ण रूप से हो पाएगी, फिलहाल मामला जांचाधीन है।
