सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतो को अनावश्यक न करें फोर्स क्लोज- कलेक्टर
कलेक्टर ने नॉन अटेंडेंट करने वाले अधिकारियो के वेतन काटने के निर्देश दिए
Junaid Khan - शहडोल। 31 मार्च 2026- कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में समयावधि पत्रो की समीक्षा की। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित शिकायतो के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियो को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतो का संतुष्टिपूर्वक बंद कराएं अनावश्यक रूप से फोर्स क्लोज न करें। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित शिकायतो का प्राथमिकता के साथ विभागीय अधिकारी निराकरण करें अन्यथा कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियो को निर्देश दिए कि ई-आफिस के माध्यम से अधिक से अधिक पत्रो को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन विभागो (शाखा) द्वारा अभी तक ई-आफिस का कार्य प्रारंभ नही किया गया वहॉ ई-आफिस प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि ई-आफिस प्रारंभ नही होने पर संबंधितो के विरूद्व जुर्माने की कार्यवाही भी की जाएगी। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों को नॉन अटेंड करने वाले अधिकारियो को नोटिस जारी कर एक सप्ताह का वेतन कटाने के निर्देश दिए। जिन अधिकारियो को नोटिस जारी करने के निर्देष दिए है उनमें सहायक आपूर्ति अधिकारी बुढार, औषधि निरीक्षक, कनिष्ठ लेखा अधिकारी,पॉलिटेक्निक कॉलेज शहडोल, पीओ डूडा, कार्यपालन यंत्री नर्मदा घाटी विकास विभाग,निरीक्षक थाना ब्यौहारी,तहसीलदार गोहपारू, रीजनल मैनेजर राजस्व, मंडल प्रमुख पंजाब नेशनल बैंक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जयसिंहनगर के नाम शामिल है। कलेक्टर ने पीएम श्रम योगी मान-धन योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पीएम श्रम योगी मान-धन योजना के पात्र व्यक्तियो को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, ऊर्जा विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागो में लंबित सीएम हेल्पलाइन के शिकायतो के निराकरण की समीक्षा कर ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
