चौपाटी स्थित सिटी टैंक तालाब में श्रमदान,जल संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 21 अप्रैल 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नगर के जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर अभियानात्मक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज नगर क्षेत्र के चौपाटी स्थित सिटी टैंक तालाब में व्यापक श्रमदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता मित्रों एवं सामाजिक संगठन “ओम साई विजन” के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। श्रमदान के दौरान तालाब परिसर की व्यापक साफ-सफाई की गई। जलीय क्षेत्र में फैली अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई-छंटाई कर जलधारण क्षमता को सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया गया। साथ ही तालाब के आसपास फैले पॉलिथीन, प्लास्टिक एवं अन्य ठोस अपशिष्टों को एकत्रित कर उनका समुचित निष्पादन सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा नागरिकों से जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक श्री मोतीलाल सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक श्री अनिल महोबिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

