बाणगंगा पार्क में स्टेट मॉनिटरिंग टीम का निरीक्षण, स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिला मार्गदर्शन
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 06 अप्रैल 2026 मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशन में नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर में स्वच्छता, हरित विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत स्थित विवेकानंद पार्क (बाणगंगा), शहडोल में शहरी स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पार्क के समग्र रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत इन समूहों को वृक्षों की देखरेख, कटाई-छंटाई, सिंचाई, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा “वुमन फॉर ट्री” अभियान के तहत पौधरोपण एवं संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। दिनांक 6 अप्रैल 2026 को स्टेट मॉनिटरिंग टीम द्वारा स्वामी विवेकानंद बाणगंगा शहडोल पार्क का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान “अमृत मित्र स्व सहायता समूह” की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया तथा उनके सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की गई। इस अवसर पर राज्य निगरानी समिति (अमृत मित्र परियोजना) के सदस्य श्री विवेक शर्मा, नगर पालिका के एनयूएलएम नोडल अधिकारी श्री सत्यकाम मिश्रा एवं सोशल एक्सपर्ट श्री शेखर निम्बालकर सहित स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। स्टेट मॉनिटरिंग टीम द्वारा समूह की महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। टीम ने कहा कि निरंतर गुणवत्ता, समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नगर पालिका परिषद शहडोल को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सकता है।
विदित हो कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहरी आजीविका मिशन के माध्यम से नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा महिला स्व सहायता समूहों को “अमृत मित्र” के रूप में चयनित किया गया है। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा स्व सहायता समूहों के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सुव्यवस्थित रखरखाव की दिशा में निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है।
