शहडोल में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सुविधा प्रारंभ, घरेलू कनेक्शन हेतु विभिन्न योजनाएं लागू

शहडोल में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सुविधा प्रारंभ, घरेलू कनेक्शन हेतु विभिन्न योजनाएं लागू 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 09 अप्रैल 2026 जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद शहडोल के सभागार में दिनांक 08 अप्रैल 2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशन में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सुविधा के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य निरीक्षक श्री सुशील सेन, सहायक खाद्य अधिकारी श्री प्रदीप द्विवेदी तथा पीएनजी कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका के समस्त वार्ड प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक के दौरान वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को PNG गैस कनेक्शन लेने हेतु प्रेरित करें, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस आधुनिक एवं सुविधाजनक सेवा का लाभ उठा सकें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि शहडोल जिले में स्वच्छ एवं आधुनिक ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क के अंतर्गत पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सुविधा प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से अब शहरी क्षेत्र के नागरिकों को घरेलू उपयोग हेतु गैस की निर्बाध आपूर्ति सीधे पाइपलाइन के माध्यम से उनके घरों तक उपलब्ध कराई जा रही है। PNG सुविधा के प्रारंभ होने से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग, परिवहन एवं भंडारण की समस्याओं से राहत मिलेगी। यह गैस 24×7 उपलब्ध रहेगी तथा हवा से हल्की होने के कारण रिसाव की स्थिति में शीघ्र फैल जाती है, जिससे यह अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित मानी जाती है। पीएनजी प्रतिनिधि द्वारा जानकारी दी गई कि बीपीसीएल द्वारा घरेलू कनेक्शन हेतु निम्नलिखित योजनाएं संचालित की जा रही हैं—अपफ्रंट भुगतान योजना – लगभग ₹6000 के एकमुश्त भुगतान पर कनेक्शन उपलब्ध। सिक्योरिटी डिपॉजिट (ईएमआई) योजना – लगभग ₹6100 की राशि, जिसे आसान किस्तों में द्विमासिक बिलिंग के माध्यम से जमा किया जा सकता है। रेंटल योजना – न्यूनतम प्रारंभिक शुल्क के साथ कनेक्शन तथा लगभग ₹100 प्रति द्विमासिक किराया देय। इन योजनाओं के माध्यम से उपभोक्ता अपनी आर्थिक सुविधा के अनुसार उपयुक्त विकल्प का चयन कर सकते हैं। PNG गैस किफायती होने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल भी है, जिससे प्रदूषण में कमी लाने में सहायता मिलेगी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा नगर के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने घरों में PNG कनेक्शन हेतु शीघ्र पंजीकरण कराएं। पंजीकरण एवं अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें: 9424738607 यह पहल जिले में स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Previous Post Next Post