प्रशासनिक सतर्कता की मिसाल,शहडोल एसपी की बड़ी कार्रवाई,डायल 112 के जांबाज पुलिसकर्मियों को मिला नकद पुरस्कार
Junaid Khan - शहडोल। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक असरदार साबित करने की दिशा में शहडोल पुलिस प्रशासन ने एक सराहनीय नजीर पेश की है। पुलिस विभाग में बेहतर काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की हौसलाअफजाई के क्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) शहडोल द्वारा एक बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया गया है। दरअसल, आपातकालीन सेवा डायल 112 में तैनात कर्मचारियों द्वारा संकट के समय दिखाई गई अभूतपूर्व तत्परता, सतर्कतापूर्वक गश्त करने, किसी भी अप्रिय घटना की तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने तथा घटना स्थल पर पहुँचकर त्वरित रूप से वीडियो-फोटोग्राफी व साक्ष्य संकलन करने की सक्रियता की चौतरफा सराहना हो रही है। जमीनी स्तर पर मुस्तैदी से काम कर रहे इन जवानों की कर्तव्यनिष्ठा से गदगद होकर पुलिस अधीक्षक शहडोल ने खुद आगे आकर पूरी टीम की पीठ थपथपाई है और इन्हें नकद पुरस्कार से सम्मानित कर विभाग का मान बढ़ाया है। प्रशासन के इस त्वरित कदम से न केवल पुलिस महकमे का मनोबल सातवें आसमान पर है, बल्कि आम जनता में भी सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।
साक्ष्य संकलन और मुस्तैदी में दिखाया दम,मिला नकद इनाम
इस विशेष कमान और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा डायल 112 की टीम को बकायदा नकद राशि सौंपकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट सेवा देने वाले आरक्षक क्रमांक 605 कृष्णनंद यादव को उनकी बेमिसाल मुस्तैदी और सूझबूझ के लिए ₹10,000/- (दस हजार रुपये) के नकद पुरस्कार से नवाजा गया है। वहीं, संकट के क्षणों में गाड़ी को पलक झपकते ही मौके पर पहुँचाने और सजगता दिखाने वाले वाहन चालक धनीराम को ₹5,000/- (पांच हजार रुपये) की नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। पुलिस कप्तान की इस त्वरित और निष्पक्ष सराहना नीति ने यह साबित कर दिया है कि महकमे में ईमानदारी और लगन से काम करने वालों को हमेशा सिर-आँखों पर बिठाया जाएगा। जानकारों का मानना है कि फील्ड में तैनात कर्मचारियों को मिलने वाला ऐसा सम्मान पूरी प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा फूंकने का काम करता है, जिसकी गूंज अब पूरे संभाग में सुनाई दे रही है।
