पुलिस की चौतरफा घेराबंदी से माफियाओं में हड़कंप,अखबार की सुर्खी का असर
Junaid Khan - शहडोल। नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ शहडोल पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक जंग छेड़ दी है। जिले को पूरी तरह नशामुक्त करने के संकल्प के साथ मैदान में उतरे पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामजी श्रीवास्तव के कड़े तेवरों और कुशल नेतृत्व का ही असर है कि आज जिला पुलिस नशा माफियाओं के लिए काल साबित हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री के एनडीपीएस मुक्त भारत अभियान को जमीन पर उतारते हुए एसपी रामजी श्रीवास्तव ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है या तो नशा तस्कर जेल की सलाखों के पीछे होंगे, या फिर जिला छोड़ेंगे। हाल ही में अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित हुई खबरों का ही यह बड़ा असर है कि प्रशासन ने अब अपनी कार्रवाई की रफ्तार को चौगुना कर दिया है,जिससे इस अवैध काले धंधे में लिप्त रसूखदारों और बदमाशों की रीढ़ पूरी तरह टूट चुकी है।
एसपी रामजी श्रीवास्तव के नेतृत्व में 'रिकॉर्डतोड़' एक्शन, सरकारी आंकड़ों ने खोली अपराधियों की पोल
साल 2025 से लेकर मई 2026 के वर्तमान कार्यकाल पर नजर डालें, तो एसपी रामजी श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में शहडोल पुलिस ने इतिहास की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। आंकड़ों की जुबानी समझें तो वर्ष 2025 में पुलिस ने ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए 53 गंभीर प्रकरण दर्ज किए और 127 आरोपियों को जेल का रास्ता दिखाया। इस दौरान रिकॉर्ड 4315 किलोग्राम गांजा और 49,801 नग नशीली कफ सिरप, टैबलेट व इंजेक्शन जब्त कर माफियाओं के नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया। इतना ही नहीं, चालू वर्ष में 18 मई 2026 तक महज साढ़े चार महीनों के भीतर ही पुलिस ने 15 नए मामले दर्ज कर 53 आरोपियों को दबोच लिया है, जिनके कब्जे से 609 किलोग्राम गांजा, 902 नग नशीले इंजेक्शन/सिरप और करीब 29.39 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। यह आंकड़े साफ बयां करते हैं कि कप्तान के सख्त आदेशों के बाद शहडोल पुलिस अवैध गांजा, कफ सिरप, टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन और स्मैक बेचने वालों को रत्ती भर भी बख्शने के मूड में नहीं है।
फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम,पुलिस कप्तान की दोटूक,'पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे'
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त उन शातिर बदमाशों को भी एसपी रामजी श्रीवास्तव ने खुली चुनौती दे दी है जो पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे हैं। अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए चार कुख्यात फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर प्रति आरोपी 10,000 रुपये के नकद इनाम की उद्घोषणा की गई है। इनाम घोषित किए गए अपराधियों की सूची में:विश्वनाथ शर्मा उर्फ बुदन, राजेश पटेल उर्फ दादू पटेल,विकास जयसवाल,राहुल लोधी,के नाम शामिल हैं। पुलिस कप्तान की इस सख्त घेराबंदी ने साफ कर दिया है कि शहडोल की सरजमीं पर अब नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं बची है। इन अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
आम जनता से अपील: डरें नहीं, पुलिस को दें सूचना; पूरी तरह नशामुक्त होगा शहडोल-एसपी
शहडोल पुलिस जिला प्रशासन अपराधियों पर नकेल कसने और क्षेत्र में पूर्ण नशामुक्ति स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एसपी रामजी श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में यह कड़ा अभियान आगे भी इसी कड़े तेवर और सख्ती के साथ अनवरत जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और प्रबुद्ध जनों से भावुक व सशक्त अपील की है कि वे इस सामाजिक बुराई को जड़ से मिटाने में खाकी का साथ दें। यदि आसपास कहीं भी नशे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा हो या उक्त घोषित इनाम वाले फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी इनपुट मिले, तो तत्काल बिना किसी डर के अपने नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी, क्योंकि जनता के सहयोग और पुलिस की मुस्तैदी से ही शहडोल को 'ड्रग फ्री' बनाया जा सकता है।
