बच्चों के कमरे को बनाया निशाना,परिवार सोता रहा और चोर वारदात को देते रहे अंजाम
Junaid Khan - शहडोल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर में बीती रात चोरों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए घर की पिछली दीवार में सुरंग बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याणपुर निवासी मो. अहमद का पूरा परिवार रात में घर के अंदर सो रहा था। घर के एक कमरे में उनकी 14 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटा सो रहे थे। इस कमरे के बाहर एक कूलर लगा हुआ था जिसमें नशीला जहरीला स्प्रे डाला गया जिसके पास से पूरा परिवार बेसुध हो गया. उसी कमरे में रखी अलमारी में सोने एवं चांदी के गहने रखे हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने घर की पिछली दीवार में सुरंग बनाकर अंदर प्रवेश किया और बड़ी ही सफाई से अलमारी में रखे जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर के पीछे का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। दीवार के पास ज्वैलरी के खाली डिब्बे, बिल एवं अन्य दस्तावेज बिखरे पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित मो. अहमद ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से आमजन भयभीत हैं। रात के समय गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात की पुलिस पेट्रोलिंग पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं।
