तहसील परिसर में कर्मचारी की अभद्रता के खिलाफ युवा कांग्रेस का आक्रोश

तहसील परिसर में कर्मचारी की अभद्रता के खिलाफ युवा कांग्रेस का आक्रोश


Junaid Khan - शहडोल। युवा कांग्रेस विधानसभा जयसिंहनगर के अध्यक्ष शेख शाजिल (सनी) ने तहसील परिसर में उनके साथ हुए दुर्व्यवहार एवं एक कर्मचारी द्वारा अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी कर्मचारी पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि यदि एक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता के साथ प्रशासनिक कर्मचारी इस प्रकार का व्यवहार कर सकते हैं, तो आम ग्रामीण एवं अपनी समस्याओं को लेकर आने वाली जनता के साथ किस प्रकार का व्यवहार किया जाता होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। युवा कांग्रेस द्वारा आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मचारी तुलसी द्विवेदी द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इतना ही नहीं, जब अध्यक्ष शेख शाजिल (सनी) ने शिकायत करने की बात कही, तब कर्मचारी द्वारा कथित रूप से कहा गया कर लो मेरी शिकायत, कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। युवा कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक व्यवस्था की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस प्रकार का व्यवहार न केवल जनप्रतिनिधियों का अपमान है, बल्कि आम जनता के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाला है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी पर तत्काल उचित एवं कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक के साथ इस प्रकार की अभद्रता दोबारा न हो। युवा कांग्रेस ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई, तो संगठन जनता के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। जनता का सम्मान सर्वोपरि है, किसी भी प्रकार की अभद्रता एवं मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Previous Post Next Post