कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका कर्मचारियों को एरियर राशि का पूर्ण भुगतान

कर्मचारियों में खुशी का माहौल, प्रशासन के प्रति जताया आभार 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 20 मई 2026 कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देश एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद शहडोल के कर्मचारियों को लंबित एरियर राशि का पूर्ण भुगतान कर दिया गया है। कर्मचारियों के बैंक खातों में द्वितीय किस्त के रूप में शेष राशि जमा होते ही नगर पालिका कार्यालय में खुशी का वातावरण देखा गया। नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा द्वितीय किस्त एरियर भुगतान की मांग की जा रही थी। कर्मचारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई तथा शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया गया। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से कर्मचारियों में उत्साह एवं संतोष का माहौल है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने कहा कि कर्मचारियों के हितों का संरक्षण नगर पालिका प्रशासन की प्राथमिकता है। शासन के निर्देशानुसार लंबित देयों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया गया है, जिससे कर्मचारी बेहतर मनोयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन कर्मचारियों के हित में सदैव सकारात्मक भूमिका निभाता रहेगा, वहीं कर्मचारियों को भी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में पूरी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करना होगा। “काम नहीं, वेतन नहीं” की कार्यप्रणाली के तहत कार्य किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित भी किया जाएगा।

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में की गई इस पहल से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है तथा नगर पालिका प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच सकारात्मक कार्य वातावरण मजबूत हुआ है। नगर पालिका परिषद शहडोल ने भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु पारदर्शी एवं त्वरित कार्यवाही जारी रखने का आश्वासन दिया है।

Previous Post Next Post